जमशेदपुर: साकची में आजसू का ‘हल्ला बोल’, बढ़ते भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

जमशेदपुर :झारखंड में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में आज आजसू पार्टी ने जमशेदपुर के हृदय स्थल साकची गोलचक्कर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

“चरमरा गई है कानून-व्यवस्था”: मंटू शुक्ला

इस प्रदर्शन का नेतृत्व आजसू युवा मोर्चा के संयोजक सह नगर प्रभारी मंटू शुक्ला ने किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर तीखे हमले किए। मंटू शुक्ला ने कहा कि जमशेदपुर समेत पूरे राज्य में चोरी, लूट और हत्या जैसी वारदातें आम हो गई हैं। आम जनता अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है, लेकिन प्रशासन मौन है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार इस कदर हावी हो गया है कि बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुँच पा रहा है।

साकची गोलचक्कर पर प्रदर्शन से थमी रफ्तार

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में आजसू कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा और बैनर लेकर साकची गोलचक्कर पर जुटे। ‘भ्रष्टाचार बंद करो’ और ‘अपराधियों पर नकेल कसो’ जैसे नारों के बीच मुख्यमंत्री का पुतला फूंका गया। इस दौरान कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह विरोध प्रदर्शन केवल शुरुआत है। यदि राज्य में कानून-व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगा, तो आजसू पार्टी पूरे कोल्हान क्षेत्र में उग्र आंदोलन करेगी।

प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग

कार्यक्रम के अंत में आजसू नेताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार तक अपनी मांगें पहुँचाईं। उनकी मुख्य मांगें हैं जिसमें शहर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। सरकारी कार्यालयों में बिचौलियों के दखल को खत्म किया जाए।लंबित आपराधिक मामलों का त्वरित उद्भेदन कर दोषियों को जेल भेजा जाए।इस प्रदर्शन में आजसू के कई स्थानीय पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे शहर का राजनीतिक पारा चढ़ गया है।

More From Author

जमशेदपुर में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, सोनारी पुलिस ने महिला समेत चार को किया गिरफ्तार

जमशेदपुर: मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री महेश शरदचंद्र सोनक का भव्य स्वागत; उपायुक्त ने किया ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ से अभिनंदन, कलाकारों के साथ बजाया नगाड़ा

Recent News