जमशेदपुर: शहर के आजादनगर थाना क्षेत्र में 1 अप्रैल की रात उस समय हड़कंप मच गया जब ओल्ड पुरूलिया रोड स्थित गंगौर स्वीट्स के सामने एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का विरोध करने पर आरोपी ने लोगों में दहशत फैलाने के लिए देशी कट्टा लहरा दिया और अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।
पत्नी के साथ विवाद के दौरान की मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी शेख सारिक ईमाम उर्फ आयान अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद कर रहा था। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने लोगों को डराने के लिए अपने पास मौजूद देशी कट्टा निकाल लिया।इसके बाद वह अपने साथी मो. सलमान के साथ बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आजादनगर थाना कांड संख्या-30/026 दिनांक 01.04.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
लगातार छापेमारी के दौरान 2 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओल्ड पुरूलिया रोड संख्या-15 (कपाली लिंक रोड) नाला के पास छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से हथियार और जिंदा गोली बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने शेख सारिक ईमाम उर्फ आयान के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया, जबकि उसके साथी मो. सलमान के पास से एक जिंदा गोली मिली। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आजादनगर थाना कांड संख्या-31/26 दिनांक 02.04.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मामला दर्ज किया है।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
