धनबाद : कोयलांचल की हृदयस्थली धनबाद के मुनीडीह क्षेत्र स्थित सी पी पी पावर प्लांट में शनिवार की आधी रात एक भीषण हादसा हो गया। प्लांट में काम के दौरान अचानक गैस कटर सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
आधी रात का खौफ: दम घुटने से बिगड़ी स्थिति
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय वहां करीब 8 से 15 मजदूर मौजूद थे। जैसे ही सिलेंडर फटा, उससे निकलने वाली गैस इतनी तीव्र और जहरीली थी कि पूरे इलाके में धुआं फैल गया। गैस की चपेट में आए मजदूरों की स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी। उन्हें सांस लेने में तकलीफ, बेचैनी और शरीर में ऐंठन की शिकायत होने लगी।
मृतकों की पहचान और अस्पताल का मंजर
हादसे के तुरंत बाद सभी प्रभावितों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया।डॉक्टरों ने इलाज के दौरान संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। तीसरे व्यक्ति की भी मौत की पुष्टि की गई है।वर्तमान में मोहम्मद अब्राहिम और मोहम्मद इमामुद्दीन का इलाज अस्पताल में जारी है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
परिजनों की आपबीती: “मुंह से निकलने लगा था झाग”
मृतक संजय यादव के परिजनों ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे।”रात करीब 1 बजे वह अचानक घर लौटे। उनकी सांस फूल रही थी और वह बहुत ज्यादा खांस रहे थे। पूछने पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि ‘गैस सिलेंडर फट गया’। कुछ ही देर में उनके मुंह से झाग निकलने लगा और वे बेसुध हो गए।”परिजनों का आरोप है कि प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।
जांच के घेरे में पावर प्लांट प्रबंधन
घटना के बाद मुनीडीह पुलिस और प्रबंधन मामले की छानबीन में जुट गया है। गैस कटर सिलेंडर फटने की असली वजह क्या थी? क्या सिलेंडर की समय पर जांच की गई थी? घायल और मृतक मजदूर किस ठेकेदार के अधीन काम कर रहे थे, इसकी भी जांच की जा रही है।इस घटना ने एक बार फिर धनबाद के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
