सरायकेला में दिशा समिति की बैठक, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने जलापूर्ति और सड़कों को दुरुस्त करने के दिए निर्देश

सरायकेला: लंबे समय के बाद बुधवार को सरायकेला जिला मुख्यालय स्थित सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची लोकसभा सांसद संजय सेठ ने की।करीब पांच घंटे तक चली इस बैठक में जिले के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए लिए गए निर्णयों की जानकारी दी।

गर्मी को देखते हुए जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश

संजय सेठ ने बताया कि प्रचंड गर्मी को देखते हुए जिले के सभी प्रखंडों में युद्धस्तर पर जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही जिले की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

जेआरडीसीएल की लापरवाही पर जताई नाराजगी

बैठक के दौरान जेआरडीसीएल द्वारा कथित लापरवाही के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस मामले में विभाग के सचिव से बात कर एजेंसी की शिकायत की जाएगी, ताकि कार्यों में सुधार सुनिश्चित हो सके।

चांडिल पितकी फाटक के जाम से जल्द मिलेगी राहत

चांडिल के पितकी फाटक पर प्रतिदिन लगने वाले जाम को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि एनएचएआइ के अधिकारियों के अनुसार लगभग तीन महीने के भीतर वहां रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण पूरा हो जाएगा, जिससे लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक उपयोग पर की अपील

आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में शहरी जलापूर्ति और कचरा प्रबंधन के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि कचरा प्रबंधन को लेकर जिला उपायुक्त (डीसी) को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा, सिंहभूम सांसद जोबा माझी, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, खरसावां विधायक दशरथ गागराई सहित जिले के तीनों शहरी निकायों के प्रमुख, जिला परिषद अध्यक्ष, उपायुक्त (डीसी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) और कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।बैठक की शुरुआत में सभी जनप्रतिनिधियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।अब देखना दिलचस्प होगा कि बैठक में लिए गए फैसलों का जमीनी स्तर पर कितना असर देखने को मिलता है।

More From Author

जमशेदपुर: डिमना लेक में वज्रपात का कहर; रेडियल गेट के पास बिजली गिरने से अज्ञात युवक की मौत, इलाके में सनसनी

चाईबासा में ट्यूशन से लौट रही युवती पर चाकू से हमला, सदर अस्पताल में भर्ती