सरायकेला: बुधवार को “दिशा” की बैठक में हिस्सा लेने के बाद सिंहभूम सांसद जोबा मांझी ने सरायकेला सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने महिला आरक्षण बिल सहित कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।महिला आरक्षण बिल को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद जोबा मांझी ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए इस बिल की सराहना की। हालांकि उन्होंने कहा कि बिल का विस्तृत अध्ययन करने के बाद ही इस पर विस्तृत टिप्पणी की जा सकती है।
असम चुनाव में झामुमो के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद
असम चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि इस बार झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) असम में बेहतर प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन ने वहां प्रचार-प्रसार किया है और जनता का समर्थन मिला है, उससे बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
बंगाल चुनाव पर टिप्पणी से बचीं
वहीं बंगाल चुनाव को लेकर पूछे गए सवालों पर सांसद जोबा मांझी ने कहा कि इसका फैसला जनता ही करेगी। उन्होंने इस मुद्दे पर ज्यादा टिप्पणी करने से परहेज किया।
कार्यकर्ताओं से भी किया संवाद
इस दौरान सांसद ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया और उनकी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
