रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित विद्युत सब स्टेशन में गुरुवार सुबह एक संदिग्ध लिफाफा मिलने से हड़कंप मच गया। लिफाफे पर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई का नाम लिखा हुआ था और उसके साथ एक कारतूस भी बंधा मिला, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई।जानकारी के अनुसार, सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारियों की नजर सब स्टेशन परिसर में पड़े एक लावारिस लिफाफे पर पड़ी। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो लिफाफे पर “आवश्यक सूचना” और “लाल सलाम” जैसे शब्द लिखे हुए थे। साथ में कारतूस बंधा होने के कारण कर्मचारियों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने लिफाफा और कारतूस किया जब्त
सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को सुरक्षित करते हुए संदिग्ध लिफाफे और कारतूस को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जांच भी की और कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
सभी पहलुओं से की जा रही जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लिफाफा कब और किसने वहां रखा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसमें वास्तव में किसी उग्रवादी संगठन की संलिप्तता है या फिर यह किसी असामाजिक तत्व की शरारत है।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है
