जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।मृतक की पहचान मानगो जवाहरनगर रोड नंबर-4 निवासी सुदीप रॉय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुदीप रॉय लाइफ लाइन नर्सिंग होम में कार्यरत थे।
खाना खाने निकले थे, लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सुदीप रॉय नर्सिंग होम से खाना खाने के लिए बाहर निकले थे। भोजन कर वापस लौटने के दौरान भुइयांडीह के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद लोगों ने किया सड़क जाम
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे लगभग एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
डीएसपी ने लोगों को समझाकर हटवाया जाम
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी मुख्यालय-1 भोला प्रसाद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
