जमशेदपुर : जुगसलाई क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी पानी की गंभीर किल्लत को लेकर मंगलवार को स्थानीय निवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में जुगसलाई और आसपास के इलाकों के लोग नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्यालय का घेराव किया।
“बूंद-बूंद को तरस रहे लोग”
भीषण गर्मी में नलों के सूख जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा पानी न आने के कारण खाना पकाने से लेकर अन्य घरेलू कार्यों के लिए लोग पानी खरीदने या दूर-दराज के क्षेत्रों से ढोने को मजबूर हैं।ग्रामीणों और शहरी निवासियों का कहना है कि समस्या की जानकारी बार-बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन आश्वासन के अलावा धरातल पर कुछ नहीं बदला।इस प्रदर्शन में महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक देखी गई, जिन्होंने खाली बर्तन दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराया। बुजुर्गों ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए।
आंदोलन उग्र करने की चेतावनी
घेराव के दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि अगले 24 से 48 घंटों के भीतर जलापूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो वे सड़क जाम करने और उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। लोगों की मांग है कि जब तक स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक टैंकरों के माध्यम से नियमित पानी की व्यवस्था की जाए।
प्रशासन का आश्वासन
नगर परिषद के प्रतिनिधियों ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने स्वीकार किया कि तकनीकी कारणों से जलापूर्ति बाधित हुई है।परिषद की ओर से आश्वासन दिया गया कि जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है और जल्द ही घर-घर पानी पहुंचना शुरू हो जाएगा। प्रभावित इलाकों में टैंकर भेजने की प्रक्रिया तेज करने की बात कही गई है।
