सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला के सौजन्य से शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ‘सघन सफाई अभियान’ का शुरुआत किया गया। इस विशेष अभियान का आगाज मंगलवार को वार्ड संख्या 8, हंसाहुडी बस्ती से किया गया।
प्रशासनिक नेतृत्व में सफाई का संदेश
अभियान की शुरुआत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सरायकेला एसडीओ (अनुमंडल पदाधिकारी) अभिनव प्रकाश ने की। उन्होंने स्वयं अपने हाथों में झाड़ू थामकर सड़क की सफाई की, जिससे स्थानीय लोगों के बीच स्वच्छता का एक सशक्त संदेश गया। एसडीओ ने इस मौके पर कहा कि सरकारी मशीनरी के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी से ही शहर को स्वच्छ रखा जा सकता है।
हंसाहुडी में दो दिनों तक विशेष ध्यान
योजना के अनुसार, हंसाहुडी बस्ती में यह अभियान लगातार दो दिनों तक चलाया जाएगा। इसके तहत न केवल सड़कों की सफाई की जा रही है, बल्कि नालियों के जमा कचरे को भी हटाया जा रहा है। इस अभियान की एक मुख्य विशेषता यह है कि सड़क के किनारों पर जहां मिट्टी के ढेर जम गए थे और टीले जैसी आकृति बन गई थी, उन्हें जेसीबी और मजदूरों की मदद से समतल किया जा रहा है। इस पहल से न केवल सड़क की चौड़ाई पहले से अधिक नजर आएगी, बल्कि जलजमाव की समस्या से भी निजात मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में चलेगा अभियान
नगर पंचायत की योजना के मुताबिक, यह सघन सफाई अभियान शहर के प्रत्येक वार्ड में बारी-बारी से चलाया जाएगा। हर वार्ड के लिए दो-दो दिन का समय निर्धारित किया गया है, ताकि सूक्ष्म स्तर पर सफाई सुनिश्चित की जा सके।
जनता से अपील
अभियान के दौरान एसडीओ अभिनव प्रकाश ने आम जनता से भावुक अपील करते हुए कहा, “नगर पंचायत अपना काम कर रही है, लेकिन यह आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने आसपास के परिवेश को साफ रखें। कचरा डस्टबिन में ही डालें और प्रशासन का सहयोग करें। सफाई अभियान की शुरुआत के दौरान नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी, वार्ड सदस्य गौतम नायक, उत्तम कुमार महांती, सिटी मैंएजर सुमीत सुमन, बबन सिंह, रत्नेश्वर पट्टनायक, समेत नगर पंचायत के कई कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
