चाईबासा: तीर मारकर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में दिया था घटना को अंजाम

चाईबासा : झींकपानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की नीयत से हमला करने वाले आरोपी भगवान बिरुली उर्फ दोपे को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को सदर एसडीपीओ बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता कर इस पूरे मामले की जानकारी साझा की।

पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

पुलिस के अनुसार, मामला झींकपानी थाना क्षेत्र के टंकीबांधा के पास का है। चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी भगवान बिरुली ने पुरानी रंजिश के कारण बेटेया गांव के निवासी चुइया बिरुली पर धनुष से तीर चला दिया।तीर लगने से चुइया बिरुली गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें सूचना मिलते ही पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

विशेष टीम ने की छापेमारी और गिरफ्तारी

घायल की स्थिति में सुधार होने के बाद 10 मई को उनका फर्दबयान दर्ज किया गया और झींकपानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसपी के निर्देशानुसार प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी राजकुमार जेयराजू और एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। छापेमारी के दौरान भगवान बिरुली को दबोच लिया गया। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह चुइया बिरुली की हत्या करना चाहता था।

हथियार बरामद और जेल रवानगी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया तीर और धनुष भी बरामद कर लिया है। मंगलवार को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। इस अभियान में पीएसआई राजीव रंजन मिश्रा, एएसआई दीपक कुमार मोहंती और झींकपानी थाने के जवान शामिल थे।

More From Author

सरायकेला: एसडीओ अभिनव प्रकाश ने झाड़ू थाम शुरू किया सघन सफाई अभियान, हर वार्ड में दो दिन चलेगा स्वच्छता अभियान

जमशेदपुर में दो नाबालिगों की आत्महत्या से सनसनी, एक ने घर में लगाई फांसी तो दूसरे का शव जंगल में मिला