जमशेदपुर में दो नाबालिगों की आत्महत्या से सनसनी, एक ने घर में लगाई फांसी तो दूसरे का शव जंगल में मिला

जमशेदपुर: जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले में आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा गांव का है, जहां प्रेम प्रसंग से परेशान 17 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं दूसरा मामला बोड़ाम थाना क्षेत्र का है, जहां 16 वर्षीय किशोर का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला।

शादी समारोह से लौटने के बाद किशोर ने दी जान

गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा गांव निवासी 17 वर्षीय चैतन्य सिंह सोमवार देर रात एक शादी समारोह से लौटकर घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि समारोह में उसने दोस्तों के साथ डांस भी किया था। इसके बाद वह घर लौटा और कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरे गांव में शादी समारोह में गए हुए थे। रात करीब 12:30 बजे जब परिजन लौटे तो चैतन्य को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रेम प्रसंग को माना जा रहा वजह

मृतक के पिता रघु सिंह के अनुसार चैतन्य का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। आशंका जताई जा रही है कि इसी संबंध में किसी बात को लेकर तनाव के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बोड़ाम में जंगल में मिला किशोर का शव

दूसरी घटना बोड़ाम थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव की है। यहां 16 वर्षीय वैद्यनाथ बेसरा का शव घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल में पेड़ से लटका मिला। परिजनों के अनुसार वैद्यनाथ 10 मई की शाम मेला जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।अगले दिन जंगल में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के पिता सुनील बेसरा ने बताया कि वैद्यनाथ एक अच्छा फुटबॉल खिलाड़ी था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस जांच में जुटी

दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अलग-अलग एंगल से जांच शुरू कर दी है। घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में शोक और मातम का माहौल है।

More From Author

चाईबासा: तीर मारकर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में दिया था घटना को अंजाम

जमशेदपुर: डेंटल कॉलेज के पास दो बाइकों की भीषण टक्कर; सुरक्षा कर्मी की मौत, दो युवक गंभीर रूप से घायल