सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बीती रात वार्ड संख्या 17 स्थित प्रभात पार्क के समीप असामाजिक तत्वों ने एक दुकानदार और उसके दो बेटों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
खाना पैक करने में देरी पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार प्रभात पार्क के पास ठेला लगाकर दुकान चलाने वाले प्रमोद कुमार दास के पास रात करीब 9:30 बजे कुछ युवक पहुंचे और खाना पैक करने को कहा। दुकान में भीड़ होने के कारण पैकिंग में थोड़ी देरी हुई, जिससे नाराज होकर युवकों ने विवाद शुरू कर दिया।देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने धारदार हथियार से प्रमोद कुमार दास पर हमला कर दिया।
पिता को बचाने पहुंचे बेटों पर भी हमला
पिता को बचाने पहुंचे उनके बेटे आशीष कुमार दास और अंकित कुमार दास पर भी हमलावरों ने बेरहमी से हमला किया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।बताया जा रहा है कि हमलावर हथियारों से लैस थे और मौके पर पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग टीम के सामने भी मारपीट करते रहे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल से लौटने के बाद फिर मारपीट का आरोप
पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि पीड़ित परिवार का आरोप है कि उपचार के बाद लौटने पर उनके साथ दोबारा मारपीट की गई।परिवार का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस में काउंटर केस दर्ज करा दिया है और अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। इलाके के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
