जमशेदपुर: जमशेदपुर में ट्रेन की लगातार लेटलतीफी को लेकर जमशेदपुर रेल यात्री संघर्ष समिति का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के दूसरे दिन सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन के बर्मामाइंस छोर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आम लोगों ने भाग लिया।
सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित हुआ कार्यक्रम
हस्ताक्षर अभियान समिति के सक्रिय नेतृत्वकर्ता सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यात्रियों ने रेलवे की अव्यवस्था और ट्रेनों की देरी पर नाराजगी जाहिर की।इस दौरान सुबोध श्रीवास्तव, कन्हैया सिंह, सतीश सिंह, प्रकाश कोया और कंचन डे ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रियों की समस्याओं को लेकर आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
मानगो और घाटशिला में भी चलेगा हस्ताक्षर अभियान
समिति के नेताओं ने जानकारी दी कि 19 मई को मानगो क्षेत्र में तथा 24 मई को घाटशिला में भी हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से रेलवे प्रशासन तक यात्रियों की परेशानियों को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
आंदोलन उग्र होने की दी चेतावनी
नेताओं ने रेलवे प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ट्रेनों की लेटलतीफी और यात्रियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन उग्र रूप भी ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।
यात्रियों में बढ़ रहा आक्रोश
लगातार देरी से चल रही ट्रेनों के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समिति का कहना है कि समय पर ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।
