जमशेदपुर :अरका जैन यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प, वीडियो वायरल

जमशेदपुर: अरका जैन यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के बाहर आयोजित फेयरवेल समारोह की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब पास आउट छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। पॉलिटेक्निक और बीबीए विभाग के छात्रों के बीच हुई हिंसक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद गम्हरिया थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

कार ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, 15 मई की शाम यूनिवर्सिटी परिसर में छात्रों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद छात्र अपनी-अपनी कारों से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान मुख्य गेट के बाहर कार ओवरटेक करने को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश भी थी, जिसके कारण मामला और अधिक बढ़ गया।

लात-घूंसे और डंडों से हुई मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के मुताबिक, दोनों गुटों के युवक कारों पर सवार थे। विवाद बढ़ने पर छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे और डंडों से हमला कर दिया। सड़क पर खुलेआम हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

युवक ने निकाली लाइटर पिस्टल, कार का शीशा तोड़ने का आरोप

घटना के दौरान शुभम नामक युवक ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपनी जेब से लाइटर पिस्टल निकाल ली, जो देखने में असली हथियार जैसी लग रही थी। आरोप है कि उसने लाइटर पिस्टल के बट से विरोधी गुट की कार का शीशा तोड़ दिया।वायरल वीडियो में युवक एक-दूसरे को धमकाते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

# वायरल वीडियो की पुष्टि लौहनगरी न्यूज़ नहीं करता है.

More From Author

टाटानगर स्टेशन पर ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

रांची/दिल्ली : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में संपन्न,रांची के बसंत मित्तल ने ली राष्ट्रीय अध्यक्ष की शपथ