सरायकेला-खरसावां में युवक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 52 बीघा इलाके के पास एक युवक का जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अंगूठी से हुई मृतक की पहचान

मृतक की पहचान 40 वर्षीय मोहम्मद मुस्तकीम के रूप में हुई है, जो कपाली ओपी क्षेत्र के सालबागान वार्ड संख्या-11 गौसनगर का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह पिछले रविवार से लापता था।परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार को इलाके की कुछ महिलाओं ने जंगलनुमा क्षेत्र में जला हुआ शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शव पूरी तरह से जला हुआ था, लेकिन हाथ में पहनी अंगूठी से मृतक की पहचान की गई।

फेरी का काम करता था मृतक

परिजनों के अनुसार मोहम्मद मुस्तकीम फेरी का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। परिवार में उसकी पत्नी और 12 वर्षीय बेटा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक बेहद मिलनसार और मेहनती व्यक्ति था तथा उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

हत्या के बाद शव जलाने की आशंका

घटना को लेकर इलाके में हत्या की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि युवक की हत्या के बाद पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया होगा।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

इलाके में दहशत और आक्रोश

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

More From Author

पूर्वी सिंहभूम में बढ़ती गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में शुरू हुए हीट स्ट्रोक केयर सेंटर

जमशेदपुर: जुगसलाई यूनिक कलेक्शन गोलीकांड के दो मुख्य शूटर गिरफ्तार; सनी सरदार के पास से देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद, सिटी एसपी ने किया खुलासा