जीवन ज्योति संस्था का सराहनीय प्रयास: शंकोसाईं में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 125 से अधिक बुजुर्गों की हुई जांच

जमशेदपुर: सामाजिक संस्था जीवन ज्योति द्वारा बुजुर्गों की नियमित स्वास्थ्य जांच को प्राथमिकता देते हुए शंकोसाईं 5 नंबर रोड के समीप एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के क्षेत्र के 125 से अधिक बुजुर्गों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

बुजुर्गों की हुई कई जरूरी जांच

स्वास्थ्य शिविर में बुजुर्गों के लिए ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ऑक्सीजन स्तर और वजन की निःशुल्क जांच की गई। जांच के दौरान उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों ने बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह भी दी।

संस्था के पदाधिकारियों के नेतृत्व में हुआ आयोजन

इस स्वास्थ्य शिविर का संचालन जीवन ज्योति के उपाध्यक्ष आरबी सहाय और रवि शंकर के नेतृत्व में किया गया।आरबी सहाय ने भारत सरकार के राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (NFHS-5) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि देश में 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लगभग 40-45% लोग उच्च रक्तचाप से प्रभावित हैं, जबकि 25-30% बुजुर्ग मधुमेह या उच्च ब्लड शुगर की समस्या से जूझ रहे हैं।

शहरी क्षेत्रों में बढ़ रही जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां

वहीं रवि शंकर ने कहा कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद की रिपोर्ट के अनुसार शहरी क्षेत्रों में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का खतरा और तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बुजुर्गों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी हो गई है।

हर रविवार आयोजित होता है स्वास्थ्य शिविर

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि जीवन ज्योति पिछले एक वर्ष से प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रही है। इस पहल के माध्यम से अब तक लगभग 10 हजार से अधिक बुजुर्गों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया जा चुका है।संस्था ने भविष्य में स्वास्थ्य शिविरों की संख्या बढ़ाने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना भी बनाई है।

स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना

स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज के कमजोर वर्ग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं।

कार्यक्रम में ये लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में मुख्य रूप से आर बी सहाय, रवि शंकर, विष्णु लाल, जिष्णु महतो, शुभश्री दत्ता, एल बी प्रसाद, जीतेन्द्र राय, कीनू बैठा, राधाकांत मिश्रा, आर के मिश्रा, उत्तम विश्वास, विजय शर्मा और बी के दास सहित कई लोग उपस्थित थे।

More From Author

रामनवमी को लेकर जमशेदपुर की सुरक्षा परखने पहुंचे एसटीएफ डीआईजी इंद्रजीत महथा,पुलिस को दिए ‘अलर्ट’ रहने के निर्देश

रांची: पंडरा के विकास नगर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, पत्थरबाजी और फायरिंग से दहला इलाका