
जमशेदपुर: शहर में 22 मार्च को आयोजित होने वाली अखंड तिरंगा यात्रा सह शहीद सम्मान यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में बाबूडीह, बीरू लाइन, होमपाइप, इंद्रानगर, नंदनगर, खुशबू नगर, भुइंयाडीह पार्क, करनडीह और नमन कार्यालय में ताइक्वांडो प्रशिक्षकों तथा विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक चर्चा की गई और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
शहीदों के सम्मान का माध्यम है तिरंगा यात्रा
इस मौके पर अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक माध्यम है।उन्होंने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शहीदों के बलिदान को नमन करें और देशभक्ति की भावना को मजबूत बनाएं।
देशभक्ति और एकता का संदेश देगी यात्रा
उन्होंने बताया कि अखंड तिरंगा यात्रा सह शहीद सम्मान यात्रा का उद्देश्य मां भारती के वीर सपूतों के सम्मान के साथ-साथ देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करना है।बैठक के दौरान उपस्थित लोगों से आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को इस यात्रा के बारे में जानकारी दें और उन्हें शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
यात्रा को सफल बनाने का लिया संकल्प
बैठक में मौजूद सभी प्रशिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस पावन यात्रा को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया और आयोजन में सक्रिय सहयोग देने की बात कही।
