असम चुनाव: चबुआ में गरजीं कल्पना सोरेन, जेएमएम प्रत्याशी भूबेन मुरारी के लिए मांगा वोट

चबुआ (असम): असम विधानसभा चुनाव के रण में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को चबुआ विधानसभा क्षेत्र में झामुमो की स्टार प्रचारक और गांडेय विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने पार्टी प्रत्याशी श्री भूबेन मुरारी के पक्ष में भव्य चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने चाय बागान मजदूरों और स्थानीय मतदाताओं से सीधा संवाद कर झामुमो को विजयी बनाने की अपील की।

चाय बागानों में जमीनी संवाद

प्रचार अभियान के दौरान विधायक कल्पना सोरेन और सांसद श्रीमती जोबा माझी चबुआ विधानसभा स्थित चाय बागानों में पहुँचीं। यहाँ उन्होंने कार्य कर रहे मजदूरों से आत्मीय बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। कल्पना सोरेन ने मजदूरों के रहन-सहन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा से शोषितों और मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ती रही है। असम के चाय बागान मजदूरों की आर्थिक स्थिति में सुधार उनकी पार्टी की प्राथमिकता है।

भूबेन मुरारी के पक्ष में वोट की अपील

जनसभाओं और पदयात्रा के दौरान कल्पना सोरेन ने क्षेत्र के विकास के लिए भूबेन मुरारी को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया। उन्होंने कहा भूबेन मुरारी स्थानीय समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और वे विधानसभा में चबुआ की आवाज बनेंगे। उन्होंने झारखंड में हो रहे जन कल्याणकारी कार्यों का हवाला देते हुए बताया कि कैसे झामुमो की नीतियों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँच रहा है।

जोबा माझी का साथ: कोल्हान से असम तक का जुड़ाव

सांसद जोबा माझी ने भी मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड और असम के चाय बागान क्षेत्रों के बीच एक गहरा सांस्कृतिक और सामाजिक जुड़ाव है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार चबुआ की जनता बदलाव के लिए झामुमो के ‘तीर-धनुष’ को चुनेगी।इस चुनावी दौरे से चबुआ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने कल्पना सोरेन का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया, जिससे झामुमो खेमे में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

More From Author

जमशेदपुर: ‘उत्कल दिवस’ पर ओड़िया संस्कृति की अनुपम छटा, उत्कल एसोसिएशन के महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंचवटी अपार्टमेंट में लाखों की चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, डीएसपी फौजान अहमद ने किया खुलासा

Recent News