जमशेदपुर: रामनवमी के मद्देनजर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बागबेड़ा स्थित खरकई नदी के बड़ौदा घाट का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने घाट क्षेत्र में जल्द ही हाईमास्ट लाइट चालू कराने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान उठी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद ने घाट के आसपास कचरे का अंबार लगने और हाईमास्ट लाइट खराब होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट क्षेत्र में पहुंचते हैं, इसलिए यहां बेहतर रोशनी और साफ-सफाई बेहद जरूरी है।
प्रशासन ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि घाट क्षेत्र में जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने जुस्को को घाट और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कराने तथा टाटा स्टील अर्बन सर्विसेज को हाईमास्ट लाइट की मरम्मत कर उसे चालू करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि रामनवमी के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान शिवाशिष कुमार सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव दिए।
रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट
रामनवमी को देखते हुए घाटों, जुलूस मार्गों और प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा, रोशनी और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकें।
