चाईबासा: हिंदू नव वर्ष और विक्रम संवत के पावन अवसर पर चाईबासा शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल देखा गया। पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के भैया-बहनों द्वारा शहर के मुख्य मार्गों पर एक भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिली।
पुष्प वर्षा और भव्य अभिनंदन
प्रभात फेरी का शहर के विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। पोस्ट ऑफिस चौक और जैन मार्केट चौक पर स्थानीय नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों ने बच्चों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया।बच्चों के बीच चॉकलेट का वितरण किया गया, जिससे छोटे भैया-बहनों के चेहरे खिल उठे।
गूंजे राष्ट्रभक्ति के नारे
हाथों में भगवा ध्वज लिए भैया-बहनों और आचार्य-दीदियों ने पूरे उत्साह के साथ नारे लगाए। शहर की गलियां इन जयघोषों से गूंज उठीं “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम”,”राजा विक्रमादित्य अमर रहें” और “विक्रम संवत अमर रहे”,”डॉक्टर केशव राव बलिराम हेडगेवार अमर रहें।
शिक्षकों का सम्मान
इस विशेष अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों को भगवा वस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। यह सम्मान राष्ट्र और संस्कृति के प्रति उनके समर्पण को समर्पित था।
प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने में भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार सहित कई गणमान्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर रविशंकर विश्वकर्मा, नवीन गुप्ता, चंद्र मोहन तीयू, दिलीप साव, रोहित दास, रामानंद महतो, रितेश कुमार पिंटू, रितेश विश्वकर्मा, जगदीश निषाद, उल्लास नाग, श्यामल दास, मुकेश प्रजापति, अशोक महंती, मणिकांत पोद्दार और संजय साव प्रमुख रूप से सम्मिलित रहे।
