चक्रधरपुर (पश्चिमी सिंहभूम): चक्रधरपुर थाना पुलिस ने नाबालिग छात्रा के साथ यौन शोषण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रहलाद गोप (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को आवश्यक पूछताछ और चिकित्सकीय जांच के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
तीन दिनों तक बंधक बनाकर किया शारीरिक शोषण
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग और अपहरण से जुड़ा है। प्राथमिक अभियुक्त प्रहलाद गोप, पिता चकरो गोप, टोकलो थाना क्षेत्र के गोपीनाथपुर गांव का निवासी है।आरोप है कि प्रहलाद एक नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। उसने छात्रा को तीन दिनों तक अपने पास रखा और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
19 मार्च को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
नाबालिग के लापता होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन सुराग न मिलने पर 19 मार्च को चक्रधरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने पोस्को एक्ट और अपहरण की धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर प्रहलाद गोप को धर दबोचा।
कानून की सख्त धाराओं में मामला दर्ज
चक्रधरपुर पुलिस ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि उसे कड़ी सजा दिलाई जा सके।
“नाबालिग के साथ दुष्कर्म और अपहरण के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपी को जेल भेज दिया गया है।” — चक्रधरपुर थाना पुलिस
