चांडिल वन क्षेत्र में हाथियों का आतंक: हमले में बुजुर्ग की मौत, गांव में दहशत

चांडिल: झारखंड के चांडिल वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह कुकड़ू ब्लॉक के तिरुलडीह पंचायत अंतर्गत सापारुम गांव में हाथियों के हमले में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई।मृतक की पहचान गांव के तांती टोला निवासी राधा तांती (60) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।

शौच के लिए जंगल गए थे, हाथियों के झुंड ने कर दिया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, राधा तांती शनिवार सुबह शौच के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनका सामना करीब छह जंगली हाथियों के झुंड से हो गया। हाथियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 50 हजार रुपये दिए गए हैं, जबकि शेष मुआवजा बाद में देने की बात कही गई है।

एक महीने से इलाके में डेरा डाले हैं हाथी

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक महीने से जंगली हाथियों का झुंड इलाके में डेरा डाले हुए है। हाथी लगातार गांवों में घुसकर खेतों और फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की मांग

इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

More From Author

जमशेदपुर में दुस्साहसिक चोरी: छत काटकर घर में घुसे चोर, 15 लाख की संपत्ति लेकर फरार

जमशेदपुर में तेज रफ्तार कार का कहर: टिस्को क्वार्टर की दीवार तोड़कर अंदर घुसी, बड़ा हादसा टला