मानगो में दिनदहाड़े 25 लाख के सोने के जेवरात की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जमशेदपुर। मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी के सामने विश्वनाथ ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लगभग 25 लाख रुपये के सोने के जेवरात की चोरी कर ली गई। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।घटना मंगलवार की सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है, जब एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और दुकानदार के बेटे को झांसे में लेकर गहनों से भरा बॉक्स लेकर फरार हो गया।

दुकानदार के बेटे को झांसे में लेकर दिया वारदात को अंजाम

दुकान के मालिक विश्वनाथ दत्ता ने बताया कि सोमवार की शाम उनका 16 वर्षीय बेटा अभिजीत दत्ता दुकान संभाल रहा था। उसी दौरान एक युवक टोपी पहनकर दुकान में आया और करीब 5500 रुपये का सोने का सामान खरीदकर चला गया।अगले दिन वही युवक फिर से दुकान पहुंचा और गहने देखने की बात करने लगा। जब अभिजीत दत्ता ने गहनों से भरा ड्रॉअर खोलकर उसे जेवरात दिखाने शुरू किए, तभी आरोपी ने मौका देखकर ड्रॉअर से सोने के जेवरात से भरा एक बॉक्स निकालकर अपने साथ लाए पैकेट में रख लिया।कुछ देर तक आरोपी अभिजीत को बातचीत में उलझाता रहा और फिर मौका पाकर गहनों से भरा बॉक्स लेकर फरार हो गया।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई है। थोड़ी देर बाद जब अभिजीत दत्ता को बॉक्स गायब होने का पता चला तो उसने तुरंत अपने पिता विश्वनाथ दत्ता को फोन कर घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही विश्वनाथ दत्ता दुकान पहुंचे और चोरी की घटना देखकर हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि जिस बॉक्स की चोरी हुई है, उसमें दुकान के सबसे अधिक कीमत वाले सोने के जेवरात रखे हुए थे, जिनकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

भाजपा नेता विकास सिंह पहुंचे मौके पर, पुलिस से की कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मानगो क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं।विकास सिंह ने कहा कि पूरा मानगो क्षेत्र अपराधियों के गिरफ्त में आता जा रहा है। शायद ही कोई ऐसा दिन होता है जब अखबारों की सुर्खियों में मानगो में हुई आपराधिक घटनाओं की खबर न हो।उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी देते हुए जल्द से जल्द अपराधी की गिरफ्तारी और घटना का उद्भेदन करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्वर्णिक समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की चोरी की घटना से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।मौके पर मुख्य रूप से विकास सिंह, राजेश साहू, दीपक दत्ता, निरंजन झा, नीरज साहू समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित थे। वहीं उलीडीह थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

More From Author

एनआईटी जमशेदपुर में प्राचीन भारतीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफल समापन