
गुड़गांव/जमशेदपुर: भिवाड़ी के कपाड़ियावास में निर्माणाधीन साइट पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कमान संभाल ली है। बुधवार को दोनों नेताओं ने गुड़गांव स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मृतक श्रमिकों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी से फोन पर बात
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मौके से ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी से फोन पर विस्तृत चर्चा की। मंत्री ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मृतक परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। बातचीत के बाद मृतक परिवारों को राहत राशि के साथ-साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने के प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति बनी है।
तीन जिलों के उपायुक्तों के बीच समन्वय
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर झारखंड के जादूगोड़ा और ईचागढ़ क्षेत्र के निवासी थे। इस मामले में प्रशासनिक कार्रवाई तेज करने के लिए गुड़गांव के डीसी अजय कुमार ने जमशेदपुर डीसी और सरायकेला-खरसावां डीसी से संपर्क साधा है।पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा और लेबर कमिश्नर अनिल शर्मा भी मजदूरों के हक और कानूनी कागजी कार्रवाई को पूरा करने में सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।
क्या था पूरा मामला?
कल भिवाड़ी के कपाड़ियावास क्षेत्र में एक निर्माणाधीन साइट पर काम के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से एक बड़ा हादसा हो गया था। इस मलबे में दबने से जादूगोड़ा और ईचागढ़ क्षेत्र के 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही झारखंड और हरियाणा के बीच प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गई है।
पीड़ितों के साथ खड़े दिखे नेता
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह हमारे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद घटना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक सभी पीड़ित परिवारों को मुआवजा और न्याय नहीं मिल जाता, वे चैन से नहीं बैठेंगे। संजय सेठ ने इस पहल के माध्यम से यह सुनिश्चित किया है कि पीड़ित परिवारों को परदेस में किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े।
