पश्चिम सिंहभूम में भीषण सड़क हादसा: तांतनगर में पंचायत भवन से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो सगे भाइयों समेत 3 दोस्तों की मौत

चाईबासा/तांतनगर: पश्चिम सिंहभूम जिले के तांतनगर प्रखंड से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। शनिवार को कोकचो ओपी क्षेत्र के चिमिसाई गांव में एक अनियंत्रित बाइक पुराने पंचायत भवन से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं, जिससे पूरे रायकोला गांव में मातम पसर गया है।

गुजरात से लौट रहे भाई को लेने गए थे, रास्ते में बिछ गई लाशें

घटना के पीछे की कहानी और भी भावुक कर देने वाली है। जानकारी के अनुसार रायकोला गांव निवासी चोगो कुंकल गुजरात में काम करता था और शनिवार को ही वापस लौट रहा था। चोगो को लेने के लिए उसका सगा भाई चैतन कुंकल और दोस्त सुनील कुंकल झिंकपानी स्टेशन पहुंचे थे।तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर खुशी-खुशी अपने गांव रायकोला लौट रहे थे। इसी दौरान चिमिसाई गांव के पास एक घुमावदार सड़क पर बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे पंचायत भवन की दीवार से जा टकराई।

मौके पर ही तोड़ा दम, एंबुलेंस आने से पहले थमी सांसें

टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक उछलकर काफी दूर जा गिरे। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही सुनील, चोगो और चैतन ने दम तोड़ दिया।

इलाके में शोक की लहर

एक ही गांव के तीन होनहार युवकों और एक ही परिवार के दो चिरागों के बुझने से तांतनगर प्रखंड में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घुमावदार सड़क पर तेज रफ्तार और ट्रिपलिंग (तीन सवारी) इस हादसे का मुख्य कारण बनी।

More From Author

ईचागढ़ में सनसनी: करकड़ी नदी किनारे बोरे में बंद मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या कर साक्ष्य छिपाने की आशंका

जमशेदपुर में मिथिला संस्कृति की झलक, गोपाल मैदान में शुरू हुआ द्वि-दिवसीय कार्यक्रम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *