जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में लगातार बिगड़ती विधि-व्यवस्था और बढ़ते संगठित अपराध ने नागरिकों की सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी ने शहर की मौजूदा स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का कहना है कि शहर में अब भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।
बेखौफ अपराधी: हत्या और चापड़बाजी की घटनाओं में वृद्धि
शहर में हाल के दिनों में अपराध का ग्राफ तेजी से ऊपर गया है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चापड़ जैसे हथियारों से हमले की बढ़ती घटनाएं पुलिसिया इकबाल पर सवालिया निशान लगा रही हैं। नागरिकों का आरोप है कि पुलिस की सुस्ती के कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त: ‘सुधार कम, जांच ज्यादा’
शहर की चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था पर भी युवा कांग्रेस ने तीखा प्रहार किया है। प्रमुख चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आपातकालीन सेवाओं और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। नागरिकों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि ट्रैफिक पुलिस का पूरा ध्यान व्यवस्था सुधारने के बजाय केवल हेलमेट जांच और जुर्माना वसूलने पर केंद्रित है।
नशे की गिरफ्त में युवा और अवैध सट्टे का कारोबार
समिति ने प्रशासन का ध्यान शहर में फैल रहे नशे के कारोबार की ओर भी खींचा है। शहर के विभिन्न इलाकों में स्मैक जैसे घातक ड्रग्स की बिक्री खुलेआम हो रही है, जिससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है।पूर्वी सिंहभूम जिले के कई क्षेत्रों में सट्टा जैसे अवैध धंधे बड़े पैमाने पर फल-फूल रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि इन गतिविधियों पर लगाम लगाने में स्थानीय प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग
पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस और शहर के जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।नशीले पदार्थों के सौदागरों और अवैध जुआ-सट्टा संचालित करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए ।ट्रैफिक मैनेजमेंट को केवल ‘चालान’ तक सीमित न रखकर धरातल पर सुधार की कोशिश की जाए।
