जमशेदपुर : लौहनगरी के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित टाटा मोटर्स प्लांट के बाहर पार्किंग से एक बाइक चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। कंपनी के ‘गोल्ड लाइन’ में कार्यरत एक ठेका कर्मी की मोटरसाइकिल दिनदहाड़े गायब होने से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद से सुरक्षा में तैनात एजेंसी और पार्किंग प्रबंधन की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग रहे हैं।
ड्यूटी पर तैनात था कर्मी, पार्किंग से उड़ी बाइक
जानकारी के अनुसार, पीड़ित कर्मी प्रतिदिन गालूडीह क्षेत्र से अपनी बाइक (नंबर JH 05AG 2745) के जरिए ड्यूटी करने टाटा मोटर्स प्लांट आता है।शनिवार को कर्मी ने अपनी बाइक निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में खड़ी की थी और ड्यूटी पर चला गया था। जब वह काम खत्म कर वापस लौटा, तो पार्किंग स्थल से उसकी बाइक गायब मिली। खोजबीन करने के बाद भी जब बाइक का सुराग नहीं मिला, तो पीड़ित ने इसकी जानकारी अन्य कर्मियों और प्रबंधन को दी।
सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी पर उठे सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही प्लांट में कार्यरत अन्य ठेका मजदूरों में भारी नाराजगी देखी गई। मजदूरों का कहना है कि पार्किंग क्षेत्र में सुरक्षा गार्डों की तैनाती के बावजूद बाइक चोरी होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।कर्मियों ने मांग की है कि जिस सिक्योरिटी गार्ड की शिफ्ट के दौरान यह चोरी हुई है, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाए।मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन से पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने की अपील की है।
प्रबंधन और पुलिस से अपील
मजदूरों का कहना है कि वे दूर-दराज के इलाकों से मेहनत कर काम पर आते हैं। ऐसे में उनकी संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रबंधन और संबंधित सुरक्षा एजेंसी की है। पीड़ित कर्मी ने इस मामले की लिखित शिकायत स्थानीय टेल्को थाना में दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे ताकि चोरों की शिनाख्त की जा सके। वहीं, टाटा मोटर्स प्रबंधन ने भी आंतरिक स्तर पर सुरक्षा एजेंसी से जवाब-तलब करने की बात कही है।
