जमशेदपुर : लौहनगरी के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भुइयांडीह बाबरी बस्ती में मंगलवार की रात एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। नशे की लत और पारिवारिक विवाद के चलते 35 वर्षीय युवक दयाल बाग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है और मृतक की तीन छोटी बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नशे में धुत होकर घर पहुंचा था दयाल
परिजनों और मृतक के भगीने अमित बाउरी से मिली जानकारी के अनुसार, दयाल बाग पेशे से लकड़ी टाल में मजदूरी करता था। मंगलवार की रात दयाल अत्यधिक नशे की हालत में घर लौटा और परिजनों से नशे के लिए और पैसों की मांग करने लगा।जब घर वालों ने पैसे देने से इनकार किया, तो दयाल ने आपा खो दिया और परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख घर वालों ने उसे समझा-बुझाकर कमरे से बाहर कर दिया था।
कमरे का दरवाजा तोड़ा तो रह गए दंग
परिजनों को जरा भी अंदाजा नहीं था कि गुस्से में बाहर निकला दयाल इतना बड़ा कदम उठा लेगा। कुछ देर बाद जब कोई आहट नहीं मिली, तो परिजनों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहाँ दयाल को फंदे से लटका पाया गया।आनन-फानन में भगीने और पड़ोसियों की मदद से उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन छोटी बेटियों के भविष्य पर संकट
दयाल बाग अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी बेटियों को छोड़ गया है। घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य होने के कारण अब परिवार के सामने भरण-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
