जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, जो जिला निर्वाचन पदाधिकारी भी हैं, ने मंगलवार को किताडीह स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में लगी सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मशीनों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड प्रबंधन की जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, अभिलेख संधारण और निगरानी प्रणाली की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चुनाव से संबंधित सभी उपकरणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और नियमित रूप से इसकी निगरानी की जानी चाहिए।
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के रख-रखाव तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित रहनी चाहिए।इस निरीक्षण के दौरान प्रियंका सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
