जमशेदपुर :मानगो के शंकोसाई रोड नंबर 1 में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एमजीएम अस्पताल के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन के कारण स्थानीय निवासियों के घरेलू जलापूर्ति कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो गए। पिछले चार दिनों से पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे लोगों का गुस्सा मंगलवार की देर रात फूट पड़ा। सूचना मिलते ही भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुँचे और कार्य को रुकवाते हुए अधिकारियों और संवेदक को कड़ी फटकार लगाई।
पावर का रौब दिखाकर काम जारी, जनता प्यासी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एमजीएम अस्पताल के लिए बड़ी पाइपलाइन बिछाने के दौरान जेसीबी से खुदाई की जा रही थी, जिससे दर्जनों घरों के निजी पाइप फट गए। शिकायतों के बावजूद संवेदक और विभागीय अधिकारी अपनी सत्ता और पावर का रौब दिखाकर पाइप की मरम्मत किए बिना काम को आगे बढ़ाते रहे।भीषण गर्मी के बीच पिछले चार दिनों से इलाके के दर्जनों परिवार पानी के लिए त्राहि-माम कर रहे थे।
रात 11:15 बजे पहुंचे ‘विकास सिंह , दी चेतावनी
रात करीब 11:15 बजे विकास सिंह शंकोसाई पहुँचे और मौके पर मौजूद धमकाने वाले कर्मियों को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल प्रभाव से नई पाइपलाइन बिछाने का काम बंद करवा दिया।विकास सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक हर एक क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत नहीं हो जाती और लोगों के घरों में पानी नहीं पहुँचता, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि ‘ट्रायल पिट’ काटकर ही नया पाइप बिछाया जाए ताकि अन्य पाइपों को नुकसान न हो।
देर रात पहुँची पुलिस, दर्ज होगा मुकदमा
मामले की गंभीरता और हंगामे को देखते हुए स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुँची। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। विकास सिंह ने दो-टूक शब्दों में कहा जल ही जीवन है। किसी अस्पताल को पानी देने के नाम पर सैकड़ों लोगों का पानी छीनना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि सुबह तक पाइप की मरम्मत नहीं हुई, तो दोषी संवेदक और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।”फिलहाल, संवेदक ने सुबह होते ही मरम्मत कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है।
