जमशेदपुर: छठ का संध्या अर्घ्य देने घाट गया था परिवार, साकची में सूने क्वार्टर से ₹15 लाख के गहने और मोबाइल चोरी

Views: 0

जमशेदपुर:लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर जहां पूरा शहर भक्ति और उत्सव में डूबा हुआ है, वहीं चोरों ने बंद घरों को निशाना बना लिया है। ताजा मामला साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक के समीप सामने आया है, जहां चोरों ने डीसी ऑफिस में कार्यरत एक क्लर्क के क्वार्टर का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया।

संध्या अर्घ्य के दौरान सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना

मिली जानकारी के अनुसार, जेल चौक स्थित सरकारी क्वार्टर में रहने वाले बबलू कुमार (जो उपायुक्त कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं) का पूरा परिवार रविवार शाम छठ महापर्व का संध्या अर्घ्य देने के लिए नदी घाट गया हुआ था।परिवार के सभी सदस्यों के घर से बाहर होने का फायदा उठाते हुए अज्ञात बदमाशों ने क्वार्टर को निशाना बनाया।घर के भीतर घुसे चोरों ने कमरों में रखी अलमारियों और बक्सों को पूरी तरह खंगाला और उसमें रखे करीब ₹15 लाख के कीमती सोने के गहने तथा एक मोबाइल फोन समेटकर मौके से फरार हो गए।

घाट से लौटने पर परिवार के उड़े होश

नदी घाट पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के बाद जब बबलू कुमार और उनके परिवार के सदस्य वापस अपने क्वार्टर लौटे, तो मुख्य दरवाजे की स्थिति देखकर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई।घर के अंदर प्रवेश करते ही परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। कमरों में सारा सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा पड़ा था, तथा अलमारी के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे लाखों रुपये के पुश्तैनी और कीमती जेवरात गायब हैं। छठ जैसे पवित्र पर्व की खुशियों के बीच हुई इस बड़ी चोरी की घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस को दी गई सूचना, इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार द्वारा साकची थाना पुलिस को चोरी की सूचना दी गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।वहीं, जेल चौक जैसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में पर्व के दौरान हुई इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है और पुलिस की रात्रि व संध्या गश्ती (पेट्रोलिंग) व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

More From Author

जमशेदपुर में जनजातीय सम्मेलन का 13वां संस्करण शुरू, 301 नगाड़ों की गूंज से गूंजा गोपाल मैदान