जमशेदपुर: शहर के साकची स्थित बसंत टॉकीज के समीप सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान एक महिला डॉक्टर का करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से आभूषण बरामद करने की मांग की है।पीड़िता मानगो निवासी डॉ. आरती ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही एक ज्वेलरी दुकान से करीब 2.5 लाख रुपये का सोने का आभूषण खरीदा था। सोमवार को वह अपनी कार से साकची स्थित बसंत टॉकीज के पास सब्जी मंडी खरीदारी करने पहुंची थीं। कार पार्क करने के बाद वह पर्स से पैसे निकालकर सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान संभवतः उनका आभूषण कहीं गिर गया।
काफी तलाश के बाद भी नहीं मिला आभूषण
डॉ. आरती ने बताया कि कुछ देर बाद जब उन्हें आभूषण के गायब होने का एहसास हुआ तो उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की। उन्होंने पास में मौजूद सब्जी विक्रेताओं और अन्य लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी आभूषण मिलने की जानकारी नहीं दी। काफी प्रयास के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने साकची थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
दो सब्जी विक्रेताओं पर जताया संदेह
शिकायत में डॉ. आरती ने सब्जी विक्रेता अहमद और राजेश गुप्ता पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि उन्हें आशंका है कि आभूषण इन्हीं लोगों को मिला होगा। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पीड़िता ने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद साकची थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के दुकानदारों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के समीप लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आभूषण के संबंध में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके।
