जमशेदपुर: 22 मार्च को निकलेगी भव्य ‘शहीद सम्मान यात्रा’, शहीदों की याद में तिरंगे के साथ शहर भरेगा हुंकार

जमशेदपुर: शहीदों के सम्मान में हर वर्ष निकाली जाने वाली भव्य ‘शहीद सम्मान यात्रा सह अखंड तिरंगा यात्रा’ इस वर्ष 22 मार्च, रविवार को पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में आयोजित की जाएगी। यह यात्रा अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इसकी जानकारी संस्था नमन के संस्थापक अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह काले ने संवाददाता सम्मेलन में दी।

एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान से शुरू होगी यात्रा

जानकारी के अनुसार यह यात्रा सुबह 9 बजे एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान से प्रारंभ होगी। यात्रा एग्रिको गोलचक्कर, भालूबासा, साकची, वसंत सिनेमा, कालीमाटी रोड और आर डी टाटा चौक होते हुए पुलिस लाइन पहुंचेगी। यहां अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद यात्रा पुनः एग्रिको मैदान में आकर समाप्त होगी।

मां भारती का रथ और लाइव झांकियां होंगी आकर्षण

इस यात्रा में मां भारती का रथ सबसे आगे रहेगा। इसके अलावा चार विशेष झांकियां भी शामिल होंगी, जिनमें स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों से जुड़ी लाइव झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए नमन की पूरी टीम अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ सक्रिय रूप से तैयारी में जुटी हुई है।

शहीदों के सपनों को जीवंत रखने का प्रयास

संस्थापक अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि संस्था नमन राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों के गौरव को जीवंत बनाए रखने के लिए समर्पित है। संस्था समाज में प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से कार्य करती है।उन्होंने कहा कि यह संस्था गैर राजनीतिक और गैर सांप्रदायिक भावना से प्रेरित होकर बनाई गई है, जिसमें समाज के सभी वर्गों, धर्मों और पेशों से जुड़े लोग—चिकित्सक, शिक्षाविद, व्यवसायी, पत्रकार, पूर्व सैनिक, मजदूर नेता और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेते हैं।

2016 से शुरू हुई यात्रा की परंपरा

काले ने बताया कि वर्ष 2016 में देश में लगे विवादित नारों के विरोध के बाद इस संस्था का गठन किया गया था। उसी वर्ष जमशेदपुर से पहली बार अखंड तिरंगा सह शहीद सम्मान यात्रा निकाली गई, जो ऐतिहासिक रही। तब से हर वर्ष भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस 23 मार्च के अवसर पर यह यात्रा निकाली जाती है।हालांकि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए यात्रा 23 मार्च की बजाय 22 मार्च को आयोजित की जा रही है।

पूर्व सैनिक व शहीद परिवारों का होगा सम्मान

यात्रा शुरू होने से पहले एग्रिको मैदान में एक संक्षिप्त सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। यात्रा के दौरान शहर के कई स्थानों पर देशभक्तों और प्रतिभागियों का स्वागत भी किया जाएगा। पुलिस लाइन में स्थित शहीद स्थल पर विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी होगा।

शहरवासियों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

अमरप्रीत सिंह काले ने शहर की मातृशक्ति, युवाओं, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, बुद्धिजीवियों और सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक यात्रा में सपरिवार शामिल होकर इसे भव्य और गरिमामय बनाने की अपील की है।

आयोजन समिति में शहर के कई गणमान्य लोग शामिल

इस वर्ष आयोजन को भव्य बनाने के लिए शहर के कई वरिष्ठ और प्रतिष्ठित लोगों को शामिल करते हुए एक विशेष आयोजन समिति का गठन किया गया है। इसमें शिक्षाविद, समाजसेवी, अधिवक्ता, चिकित्सक, पूर्व सैनिक और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हैं।

More From Author

जमशेदपुर: सोनारी में सजेगा भगवा, 18 मार्च को निकलेगी भव्य ‘हिंदू नव वर्ष शोभा यात्रा’