जमशेदपुर : लौहनगरी के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भुइयाँडीह क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। एक तेज रफ्तार कार और एलपीटी ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि कार में सवार तीनों युवक सुरक्षित बच गए।
हादसे के बाद हाई-वोल्टेज ड्रामा
ट्रक को खदेड़ कर पकड़ा।घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन कार सवार युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रक को दौड़ाकर पकड़ लिया। ट्रक रुकवाते ही युवकों ने बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे यातायात बाधित होने लगा। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
दोनों गाड़ियाँ ज़ब्त
हंगामे की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और आक्रोशित युवकों को शांत कराया।चश्मदीदों के अनुसार, जिस तरह से कार डैमेज हुई है, उसे देखकर लगा कि कोई गंभीर रूप से घायल हुआ होगा, लेकिन तीनों युवक चमत्कारिक रूप से बच गए।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और एलपीटी ट्रक, दोनों वाहनों को ज़ब्त कर लिया है और उन्हें थाने ले गई है।
कार सवार तीनों युवक ‘नाबालिग’, पुलिस सख्त
जांच के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कार में सवार तीनों युवक नाबालिग बताए जा रहे हैं। बिना लाइसेंस और कम उम्र में गाड़ी चलाने को लेकर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस अब इस पहलू से भी जांच कर रही है कि नाबालिगों के हाथ में कार कैसे आई। मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।सीतारामडेरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
