जमशेदपुर : लौहनगरी की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं धार्मिक संस्था श्री श्री बाल मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में चल रहे ‘विराट रामनवमी महोत्सव’ के तहत गुरुवार को साकची झंडा चौक भक्ति और उत्साह के रंगों में सराबोर रहा। इस अवसर पर आयोजित ‘बाल हनुमान सजाओ प्रतियोगिता’ और भव्य झांकियों के प्रदर्शन ने पूरे शहर को राममय कर दिया।
नन्हे स्वरूपों में दिखे प्रभु राम और बजरंगबली
प्रतियोगिता के दौरान साकची का नज़ारा बेहद मनमोहक था। जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से बच्चे अपने घरों से भगवान के विविध रूपों में सज-धज कर पहुंचे थे।कोई बच्चा ‘बाल हनुमान’ बना था, तो कोई ‘प्रभु श्री राम’ और ‘माता सीता’ के स्वरूप में अपनी मासूमियत और भक्ति बिखेर रहा था।समिति की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी नन्हे कलाकारों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शिव तांडव और राम दरबार की झांकियों ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान हिसार के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक झांकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राम दरबार, शिव तांडव और हनुमान जी की विशाल झांकियों को देखने के लिए साकची बाजार में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। झांकियों के प्रदर्शन के दौरान गूंजते भजनों और जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।
गणमान्य अतिथियों का हुआ भव्य सम्मान
उत्सव के बीच एक विशेष सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें शहर की प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों को सम्मानित किया गया। भाजपा नेता अभय सिंह, कुणाल सारंगी, शैलेंद्र सिंह, दिनेश शर्मा, राजन सिंह, और बिनोद सिंह को पगड़ी, अंगवस्त्र एवं तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया, पुनीत कांवतिया, राजीव अग्रवाल, हरड़ बकरेवाल और महेश संघी को भी सम्मानित किया गया।सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण को भी समिति ने विशेष रूप से सम्मानित किया।
कल का मुख्य आकर्षण: भव्य रामनवमी शोभायात्रा
समिति के सन्नी संघी ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार (27 मार्च) को साकची से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में 65 दलों का डंका, मनमोहक झांकियां, भव्य आतिशबाजी और हैरतअंगेज पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र होगा।
