जमशेदपुर : लौहनगरी के कदमा थाना अंतर्गत कालिंदी रोड स्थित एक आवास में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने हाउस नंबर 15 निवासी लोकेश कुमार सिंह उर्फ ‘गब्बर’ के घर को निशाना बनाया और लाखों के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर चंपत हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
8 से 10 लाख के गहनों पर हाथ साफ
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने उस वक्त घर में प्रवेश किया जब घर के सदस्य किसी काम से बाहर थे। चोरों ने अलमारी के ताले तोड़कर करीब 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के कीमती आभूषणों की चोरी की है।गायब हुए जेवरों में सोने का नेकलेस, कान की बाली, नाक का झुमका और अन्य पुश्तैनी गहने शामिल हैं। गहनों के अलावा गल्ले में रखे 25 हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले उड़े।
दिनदहाड़े वारदात से पुलिस गश्ती पर सवाल
कालिंदी रोड जैसे व्यस्त इलाके में दिन के उजाले में हुई इस घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस से रात के साथ-साथ दिन के समय भी पीसीआर गश्त बढ़ाने की मांग की है।लोगों में इस बात को लेकर डर है कि यदि भीड़भाड़ वाले इलाके में घर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक कहाँ जाए।
सीसीटीवी खंगाल रही कदमा पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने कालिंदी रोड और आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आसपास के संदिग्ध इलाकों में छापेमारी की जा रही है।जमशेदपुर : लौहनगरी के कदमा थाना अंतर्गत कालिंदी रोड स्थित एक आवास में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने हाउस नंबर 15 निवासी लोकेश कुमार सिंह उर्फ ‘गब्बर’ के घर को निशाना बनाया और लाखों के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर चंपत हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
