
जमशेदपुर: शहर के व्यस्ततम इलाके बिस्टुपुर स्थित मशहूर साइकिल दुकान ‘भारत साइकिल कंपनी’ में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान धुएं के गुबार से भर गई। गनीमत रही कि टाटा स्टील के अग्निशमन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया।
शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जब दुकान में कामकाज शुरू ही हुआ था, तभी अचानक बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हुआ। चिंगारी उठते ही दुकान के अंदर रखे टायरों और प्लास्टिक के सामान ने आग पकड़ ली। कुछ ही मिनटों में दुकान के बाहर तक काला धुआं निकलने लगा, जिसे देख स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
टाटा स्टील फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही टाटा स्टील की तीन अग्निशमन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग की लपटों को आसपास की दुकानों में फैलने से रोका और उस पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने के कारण किसी जानमाल की हानि नहीं हुई।बिस्टुपुर का यह इलाका काफी सघन है, यदि आग बगल की दुकानों तक पहुंचती तो नुकसान काफी बड़ा हो सकता था।
लाखों के नुकसान की आशंका
दुकान संचालक के अनुसार, आग लगने से दुकान के अंदर रखी कई साइकिलें, टायर, ट्यूब और अन्य स्पेयर पार्ट्स जलकर खाक हो गए हैं। फिलहाल दुकान मालिक द्वारा नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर लाखों के सामान के नुकसान की बात कही जा रही है। बिस्टुपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
