जमशेदपुर : लौहनगरी में आदिवासी संस्कृति, कला और गौरव का सबसे बड़ा समागम होने जा रहा है। जोहार ट्रस्ट के तत्वाधान में आगामी 11 और 12 अप्रैल को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में दो दिवसीय ‘राष्ट्रीय मागे महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में देश के 11 राज्यों से जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधि और कलाकार हिस्सा लेंगे।
जोहार संवाद और सम्मान समारोह
महोत्सव की शुरुआत 11 अप्रैल को तुरामडीह क्लब में आयोजित ‘जोहार संवाद’ से होगी।
इस दौरान समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिनिधियों, मानकी-मुंडा, दिऊरी और माझी बाबा जैसे बुद्धिजीवियों को सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति, परंपरा, भाषा और साहित्य के संरक्षण पर गंभीर मंथन किया जाएगा।
मुख्य आकर्षण: मांगे सूसून और बिगेस्ट डांस चैलेंज
12 अप्रैल को गोपाल मैदान में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का मुख्य आकर्षण रहेगा।मागे सूसून प्रतियोगिता में 11 राज्यों के जनजातीय नृत्य दल अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। विजेताओं के लिए 2 लाख 11 हजार रुपए की कुल पुरस्कार राशि रखी गई है। देशभर से चयनित टॉप 15 डांसर अपनी प्रस्तुति देंगे। विजेता को 1 लाख रुपए का नकद पुरस्कार मिलेगा। इस प्रतियोगिता की जज डांस रियलिटी शो ‘डांस प्लस सीजन 6’ की विजेता स्नेहा चक्रवर्ती होंगी।
100 से अधिक स्टॉल और जनजातीय व्यंजन
महोत्सव में आने वाले लोगों के लिए 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ पारंपरिक आदिवासी व्यंजन, परिधान और देसी जड़ी-बूटियों की प्रदर्शनी होगी।आर्ट एवं क्राफ्ट, फर्नीचर के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और ऑटोमोबाइल (कार-बाइक) के स्टॉल भी उपलब्ध रहेंगे।
दिग्गजों का होगा जमावड़ा
इस महोत्सव में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा सहित कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा मीरा मुंडा, गीता कोड़ा, दशरथ गागराई और सांसद विद्युत वरण महतो भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। यूसीआईएल और टाटा स्टील के वरीय पदाधिकारी भी इस आयोजन में शिरकत करेंगे।
प्रेस वार्ता में मौजूद सदस्य
महोत्सव की सफलता को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में डिग्गी, चम्पा दिग्गी, सरिता चकिया, लिसा गुईया, सरस्वती गुईया, अमिशा गगराई और अन्य सदस्य उपस्थित थे।
