जमशेदपुर : लौहनगरी में अपराध के खिलाफ अभियान चलाते हुए परसुडीह थाना पुलिस ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की अपराधियों की योजना को विफल कर दिया है। बुधवार तड़के पुलिस ने गदड़ा स्थित भूमिज टोला के एक प्राथमिक विद्यालय परिसर में छापेमारी कर हथियारों के साथ अपराधियों को दबोच लिया।
गुप्त सूचना पर तड़के सुबह हुई छापेमारी
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गदड़ा के एक स्कूल परिसर में कुछ अपराधी किसी बड़ी डकैती या आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और मौके से तीन अपराधियों को रंगे हाथ धर दबोचा। पकड़े गए तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने इस पूरी साजिश के मास्टरमाइंड शिवनारायण रजक को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल चार गिरफ्तारियां हुई हैं।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान और बरामदगी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रौशन सिंह उर्फ पाका ,रौशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली,आजाद पाल उर्फ बॉबी और शिवनारायण रजक (मास्टरमाइंड) के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से एक पिस्तौल, 7.65 एमएम के तीन जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
9 अपराधियों पर एफआईआर , पूर्व में भी रहा है आपराधिक इतिहास
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के बयान पर पुलिस ने कुल 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार चार आरोपियों के अलावा फरार 5 अन्य आरोपियों कौशल श्रीवास्तव, सौरभ सिंह, करण सिंह, अनूप बंगाली और राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं।
पुलिस की सघन पूछताछ जारी
सिटी एसपी ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किस विशिष्ट स्थान पर डकैती डालने वाले थे और उनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस उनके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में कार्य कर रही है।परसुडीह पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना की जा रही है, क्योंकि तड़के सुबह की गई इस कार्रवाई से शहर में एक बड़ी अनहोनी टल गई।
