जमशेदपुर :लौहनगरी की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं धार्मिक संस्था श्री श्री बाल मंदिर, साकची इस वर्ष अपने स्थापना के 51वें वर्ष को ‘सनातन गौरव’ के रूप में मनाने जा रही है। 1976 में स्थापित इस अखाड़ा समिति द्वारा आयोजित होने वाला विराट रामनवमी महोत्सव इस बार 6 दिनों तक चलेगा। संस्था के मुख्य संरक्षक सुमन अग्रवाल ने प्रेस वार्ता कर आयोजन की भव्यता और तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।
साकची झंडा चौक पर दिखेगा ‘अयोध्या’ का नजारा
महोत्सव के लिए साकची झंडा चौक पर भव्य राम दरबार और काल्पनिक मंदिर का निर्माण किया जा रहा है, जहाँ भक्त ‘राम लल्ला’ की मनमोहक प्रतिमा के दर्शन कर सकेंगे। पूरे साकची क्षेत्र को चन्दननगर के कारीगरों द्वारा आकर्षक विद्युत सज्जा और भगवा ध्वजों से पाट दिया गया है।
6 दिवसीय महोत्सव का पूरा कार्यक्रम
23 मार्च (सोमवार):संध्या 6:00 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ के साथ महोत्सव का श्रीगणेश होगा।24 मार्च (मंगलवार):शाम6:00 बजे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस दौरान हिंदू समाज का परचम लहराने वाली संस्थाओं का सम्मान भी किया जाएगा।25 मार्च (बुधवार): साकची झंडा चौक पर बनारस के पुरोहितों द्वारा माँ गंगा की तर्ज पर प्रभु श्री राम की भव्य महाआरती की जाएगी। साथ ही दीप उत्सव और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा।26 मार्च (गुरुवार):शाम 5:00 बजे से ‘बाल हनुमान सजाओ’ प्रतियोगिता और आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन होगा।27 मार्च (शुक्रवार):शाम 6:00 बजे से विशाल शोभा यात्रा निकलेगी। इसमें हरियाणा (हिसार) की ‘रुद्राक्ष डिवोशनल आर्ट’ की झांकियां, 71 दलों की डंका टीम और हैरतअंगेज खेल मुख्य आकर्षण होंगे।28 मार्च (शनिवार):शाम 4:00 बजे भव्य विसर्जन दशमी जुलूस निकाला जाएगा।
हरियाणा के कलाकार और चन्दननगर की लाइटिंग
मुख्य संरक्षक सुमन अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष शोभा यात्रा में विशेष रूप से मेकैनिकल प्रस्तुतियां और विद्युत सज्जा से लैस झांकियां शामिल होंगी। हरियाणा से आ रहे कलाकार हैरतअंगेज खेल और भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने जमशेदपुर की धर्मप्रेमी जनता से इस स्वर्ण जयंती वर्ष के महोत्सव में सपरिवार शामिल होने की अपील की है।
आयोजन समिति की सक्रिय टीम
इस विराट महोत्सव को सफल बनाने में सुमन अग्रवाल के साथ निर्मल जालुका, ओमप्रकाश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अंकित मोदी, सन्नी संघी, अभिषेक अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, रिंकू जालुका, सतीश शर्मा, कृष्णा अग्रवाल, अभिषेक भालोटिया, हर्ष अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, नरेश संघी, और अभिमन्यु सिंह सहित दर्जनों सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं।
