जमशेदपुर: टेल्को थीम पार्क के पास ‘चापड़बाजी’ से सनसनी; एकतरफा प्रेम में युवक पर जानलेवा हमला, प्रेमिका पर ही लगा उकसाने का आरोप

जमशेदपुर :लौहनगरी के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत थीम पार्क के समीप मंगलवार की देर शाम खूनी संघर्ष की एक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। एक युवक पर चापड़ (धारदार हथियार) से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। घायल युवक की पहचान आदर्श सिंह के रूप में हुई है, जिसे गंभीर स्थिति में इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रेम प्रसंग और एकतरफा आशिकी का मामला

प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरी घटना प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है। बताया जाता है कि आदर्श सिंह एक युवती से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा बार-बार मना करने और समझाने के बावजूद आदर्श अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।आरोप है कि मंगलवार शाम जब आदर्श थीम पार्क के पास पहुंचा, तो वहां मौजूद युवती के इशारे पर दो युवकों फारूक और अयान ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उस पर हमला बोल दिया।

युवती के सामने ही चला ‘चापड़’

घटना के वक्त मौके पर युवती भी मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बहस के दौरान अचानक फारूक और अयान ने चापड़ निकाल लिया और आदर्श पर वार करना शुरू कर दिया। हमले के बाद आदर्श जमीन पर गिरकर तड़पने लगा, जिसे देख हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

टेल्को पुलिस की कार्रवाई और जांच

सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने फारूक, अयान और युवती की भूमिका को लेकर जांच तेज कर दी है। पुलिस थीम पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने की दिशा का पता चल सके। पुलिस अस्पताल में घायल आदर्श सिंह के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि उसका आधिकारिक बयान दर्ज किया जा सके।

More From Author

जमशेदपुर: टाटा मुख्य अस्पताल के गेट पर मारपीट, हेलमेट को लेकर हुआ विवाद