जमशेदपुर: शहर के को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में 11 और 12 अप्रैल को दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट ‘सरयू राय कप (सीजन-1)’ का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को टूर्नामेंट के पोस्टर और टी-शर्ट का आधिकारिक रूप से विमोचन भी किया गया।
आयोजन में कई लोगों की अहम भूमिका
टूर्नामेंट के आयोजन में हेमंत पाठक, साहेब बागती और शंभु नाथ की अहम भूमिका है, जबकि स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय इस आयोजन के संरक्षक हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान आशुतोष राय ने बताया कि इस टूर्नामेंट की योजना पिछले कई महीनों से बनाई जा रही थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है।
टीमों के लिए एंट्री फीस और पुरस्कार राशि तय
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रत्येक टीम को 3500 रुपये की एंट्री फीस देनी होगी। वहीं विजेता टीम को 31,000 रुपये और उपविजेता टीम को 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
16 टीमों को मिलेगा खेलने का मौका
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों को ही भाग लेने का अवसर मिलेगा। सभी मैच 8-8 ओवर के खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 10 ओवर का होगा।
निष्पक्षता के लिए बाहरी अंपायर होंगे नियुक्त
प्रतियोगिता को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नियम लागू किए जाएंगे और मैचों के संचालन के लिए बाहरी अंपायरों की नियुक्ति की जाएगी।इस अवसर पर धर्मेंद्र प्रसाद, पिंटू सिंह, करण सिंह सहित कई गणमान्य लोग और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे
