जमशेदपुर: साकची के शीतला मंदिर में चोरी, आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध शीतला मंदिर में शनिवार देर रात चोरी की एक वारदात ने सनसनी फैला दी। मंदिर की दान पेटी तोड़कर नकदी उड़ाने वाले आरोपी को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। चोरी की यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

सोलर पाइप के सहारे मंदिर में घुसा चोर

मिली जानकारी के अनुसार, ओल्ड पुरुलिया रोड (9 नंबर) निवासी हासिम ने शनिवार रात करीब 10 बजे मंदिर में प्रवेश किया। शातिर चोर ने मंदिर के भीतर घुसने के लिए सोलर लाइट के पाइप का सहारा लिया और दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुआ। मंदिर परिसर में प्रवेश करने के बाद उसने दान पेटी को निशाना बनाया।

दान पेटी तोड़कर उड़ाई नकदी

आरोपी ने दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे लगभग 4,000 रुपये निकाल लिए। मंदिर प्रबंधन को जब घटना की भनक लगी, तो सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में हासिम चोरी करते हुए साफ नजर आया। इसके बाद स्थानीय लोगों और प्रबंधन की सक्रियता से आरोपी को धर दबोचा गया।

पहले भी चोरी कर चुका है चांदी का मुकुट

पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी हासिम साकची की ही एक फूल दुकान में काम करता है। मंदिर प्रबंधन का दावा है कि यह पहली बार नहीं है जब उसने मंदिर में हाथ साफ किया है; इससे पहले भी वह मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी कर चुका है।

आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने चोरी की गई नकदी बरामद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

More From Author

जमशेदपुर: बिस्टुपुर की ‘भारत साइकिल कंपनी’ में लगी भीषण आग, टाटा स्टील की 3 दमकलों ने पाया काबू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *