जमशेदपुर : शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र साकची में मंगलवार को सरेराह एक युवक ने खूनी खेल खेला। साकची थाना अंतर्गत अग्रवाल बुक स्टोर के समीप एक सब्जी विक्रेता पर चापड़ (तेज धारदार हथियार) से जानलेवा हमला किया गया।
पुरानी रंजिश में शुभम ने किया हमला
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले की वजह व्यक्तिगत दुश्मनी बताई जा रही है। हमलावर की पहचान शुभम नामक युवक के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि शुभम और सब्जी विक्रेता के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि शुभम ने आपा खो दिया और चापड़ से विक्रेता पर हमला किया जिसके बाद लोगों ने साहस दिखाते हुए घायल विक्रेता की मदद की और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस का बयान: “जल्द होगी गिरफ्तारी”
साकची थाना के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।”हम सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं। कानून हाथ में लेने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। शुभम को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”दिनदहाड़े बाजार क्षेत्र में हुई इस घटना ने साकची जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के बेखौफ हौसलों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
