जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर डब्बा लाइन स्थित सामुदायिक भवन के सामने दो गुटों के बीच हुए विवाद में घायल युवक सन्नी पुष्टि की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) में इलाज के दौरान उसकी मौत होने के बाद परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।बताया जा रहा है कि 31 मार्च को रामनवमी के दौरान छेड़खानी और वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग और चापड़ से हमला किया गया।
गोली और चापड़ से किया गया था हमला
इस घटना में सन्नी पुष्टि और नंदू लोहार नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सन्नी को एक आंख में गोली लगी थी, जबकि उसके सिर और हाथ पर चापड़ से हमला किया गया था। वहीं घायल नंदू लोहार का इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
घटनास्थल से मिले थे पिलेट और खोखा
घटना के बाद पुलिस ने मौके से दो पिलेट और दो खोखा बरामद किए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस केस में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन गुरुवार को टीएमएच पहुंचे और हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
