
जमशेदपुर: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव को लेकर गुरुवार को राज्यभर के विभिन्न न्यायालय परिसरों में मतदान कराया जा रहा है। मतदान के दौरान अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।जमशेदपुर सिविल कोर्ट परिसर में सुबह से ही वकीलों की लंबी कतारें नजर आईं। लंच ब्रेक तक यहां करीब 1100 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया।
कई प्रमुख अधिवक्ता चुनाव मैदान में

इस चुनाव में जमशेदपुर के कई प्रमुख अधिवक्ता भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें राजेश कुमार शुक्ला, अनिल कुमार तिवारी, प्रकाश झा, जितेंद्र कुमार सिंह, राजेश दास, कुमार राजेश रंजन, राजेश जायसवाल, हमीद राजा और मो. आफताब आलम खान प्रमुख हैं।वहीं महिला उम्मीदवारों में विनीता सिंह, रंजना कुमारी और शिल्पी प्रसाद चुनावी मैदान में हैं।
23 पदों के लिए हो रहा चुनाव
बार काउंसिल के कुल 23 पदों के लिए चुनाव कराया जा रहा है। इनमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्यों का चयन प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से किया जाएगा, जबकि दो महिला सदस्यों का चयन बाद में को-ऑप्शन के जरिए किया जाएगा।इस चुनाव में पूरे राज्य से करीब 100 अधिवक्ता उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
महिला अधिवक्ताओं में भी दिखा उत्साह

महिला अधिवक्ता ममता संघ ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में खुद को साबित कर रही हैं और इस चुनाव में मिला आरक्षण उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देगा।

महिला अधिवक्ता सोमा दास ने कहा की महिलाये खुद को सशक्त बना रही है इस बार चुनाव मे महिला को जो अधिकार मिला है जिस से आगे सही माहौल उत्पन्न होगा।

अधिवक्ता राहुल गोस्वामी ने कहा कि युवा अधिवक्ता बढ़-चढ़कर चुनाव में हिस्सा ले रहे हैं और उम्मीद है कि जो भी प्रतिनिधि चुना जाएगा, वह अधिवक्ताओं के हित में काम करेगा।
हेल्प डेस्क और विशेष व्यवस्था

सीनियर अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने बताया कि मतदान के दौरान अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क शिविर लगाया गया है। यहां किसी भी तरह की परेशानी होने पर अधिवक्ताओं की मदद की जा रही है।इसके अलावा बुजुर्ग और महिला अधिवक्ताओं के लिए विशेष पास जारी किए गए हैं, जिससे वे आसानी से मतदान कर सकें।
शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा मतदान
प्रेसिडेंट पद के उम्मीदवार आर एन दास

प्रेसिडेंट पद के उम्मीदवार आर एन दास ने कहा कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और अधिवक्ता शाम 5 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं।
वाइस प्रेसिडेंट पद के उम्मीदवार बी पांडा

वहीं वाइस प्रेसिडेंट पद के उम्मीदवार बी पांडा ने भी कहा कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और अब सभी को नतीजों का इंतजार है।
अनिल कुमार तिवारी

“जमशेदपुर बार के अधिवक्ताओं का हमें हमेशा प्यार और समर्थन मिलता रहा है। इस चुनाव में भी अधिवक्ताओं का भरोसा हमारे साथ है। बार काउंसिल चुनाव में प्रथम वरीयता वोट जिस उम्मीदवार को अधिक मिलेगा, उसकी जीत की संभावना सबसे ज्यादा होती है।”
प्रकाश झा

“हमने पहले भी जूनियर अधिवक्ताओं के लिए स्टाइपेंड शुरू करवाने की पहल की थी और आगे भी इसके लिए प्रयास करते रहेंगे। किसी भी जूनियर अधिवक्ता को कानूनी मदद की जरूरत होगी तो हम बिना फीस के उनके साथ खड़े रहेंगे।”
हितेंद्र कुमार

“मैं पिछले 32 वर्षों से वकालत कर रहा हूं। अधिवक्ताओं का जो समर्थन और विश्वास मिल रहा है, उससे मुझे उम्मीद है कि इस बार संघ काउंसिल के चुनाव में जीत जरूर मिलेगी।”
