धनबाद में ‘जहरीले’ पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: बख्तियारपुर से बस में आ रहा 1450 किलो नकली पनीर जब्त, जांच में नमूने फेल

धनबाद: कोयलांचल की जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुवार तड़के सर्जिकल स्ट्राइक की है। गुप्त सूचना के आधार पर पूजा टॉकीज इलाके में की गई छापेमारी में करीब 1450 किलो संदिग्ध पनीर और 6 टिन घी जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में पनीर की गुणवत्ता बेहद खराब और मिलावटी पाई गई है।

बुंदेला बस से हो रही थी मिलावट की सप्लाई

जानकारी के अनुसार, मिलावटी पनीर की यह बड़ी खेप बिहार के बख्तियारपुर से धनबाद लाई जा रही थी। बिहार नंबर की बुंदेला एसी बस (BR 21P 3632) के जरिए इस सामान की तस्करी की जा रही थी।जब्त किए गए पनीर और घी की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसे शहर के नामी होटलों और स्थानीय बाजारों में खपाने की योजना थी।

मौके पर ‘स्टार्च टेस्ट’ में फेल हुआ पनीर

छापेमारी का नेतृत्व कर रहे फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजा कुमार ने मौके पर ही पनीर की शुद्धता परखने के लिए स्टार्च टेस्ट किया।जांच के दौरान सभी नमूने फेल पाए गए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि पनीर में हानिकारक रसायनों या घटिया सामग्री की मिलावट की गई है।खाद्य सामग्री के नमूनों को अब विस्तृत जांच के लिए ‘स्टेट फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी, रांची’ भेज दिया गया है।

पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई


इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर मुस्तैद रहे। इसमें डीएसपी-2 धीरेंद्र बांका, मनोज पांडे और धनबाद थाना प्रभारी एसआई देव आनंद यादव ने सक्रिय भूमिका निभाई। बस के चालक और उसके सहयोगी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि इस धंधे के असली मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।

दोषियों पर कसेगा कानूनी शिकंजा

फूड सेफ्टी विभाग का कहना है कि रांची से अंतिम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने चेताया है कि त्योहारों और शादियों के सीजन के बीच मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

More From Author

गुड़गांव हादसा: संजय सेठ और विद्युत महतो की पहल, हरियाणा सीएम से बात कर मृतक मजदूरों के परिजनों को दिलाया मुआवजा और नौकरी

जमशेदपुर में 14-15 मार्च को होगा विद्यापति स्मृति पर्व, शहर में प्रचार वाहन रवाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.