जमशेदपुर: लौहनगरी में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ओलिडीह थाना क्षेत्र के जवाहरनगर में छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया गया है।
कोलकाता से आ रही थी नशे की खेप
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोलकाता के रास्ते प्रतिबंधित दवाओं की एक बड़ी खेप जमशेदपुर पहुंचने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जवाहरनगर रोड नंबर 6 में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक जीशान अहमद को धर दबोचा।
120 बोतलें बरामद, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 120 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी इन दवाओं को स्थानीय युवाओं और नशेड़ियों के बीच ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। पुलिस गिरफ्तार आरोपी जीशान अहमद से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध धंधे के मुख्य सरगना और ‘कोलकाता कनेक्शन’ का खुलासा किया जा सके।
डीएसपी वचनदेव कुजूर का सख्त संदेश
पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि शहर में नशीली दवाओं के अवैध व्यापार को जड़ से खत्म करना पुलिस की प्राथमिकता है।
“हमें सूचना मिली थी कि एक युवक नशीली दवाओं की खेप लेकर शहर में प्रवेश कर रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।” — वचनदेव कुजूर, डीएसपी (पटमदा)
