Views: 3
जमशेदपुर: मानगो के एमजीएम थाना अंतर्गत हिल व्यू कॉलोनी में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर अनुपम ओझा के घर से करीब 12 लाख रुपये के गहने और डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना महानवमी की रात की बताई जा रही है। चोरी की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।पीड़ित अनुपम ओझा के अनुसार, वह महानवमी की रात करीब 12:30 बजे अपने घर में ताला बंद कर सपरिवार दुर्गा पूजा का उत्सव देखने गए थे। बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे जब वे घर लौटे, तो घर के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि चोर घर से कीमती गहने और नकदी लेकर फरार हो चुके थे।
दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर
चोरों ने घर के दरवाजे का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद गोदरेज की अलमारी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और उसमें रखे गहने व नकदी लेकर भाग निकले। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 13.5 लाख रुपये बताई जा रही है।घटना के बाद अनुपम ओझा ने मामले की जानकारी स्थानीय एमजीएम थाने और भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को दी।
घटनास्थल पर पहुंचे विकास सिंह
चोरी की सूचना मिलने पर विकास सिंह पीड़ित के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बंद घर और अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने आसानी से वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दरवाजे और गोदरेज की अलमारी को नुकसान पहुंचाकर घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।विकास सिंह ने चोरी की इस घटना को पीड़ित परिवार के लिए बड़ा आर्थिक नुकसान बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी रकम के गहने और नकदी की चोरी से परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
जिला प्रशासन से जल्द खुलासे और बरामदगी की मांग
विकास सिंह ने मामले की जानकारी जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों को देते हुए चोरी की घटना का जल्द उद्भेदन करने और चोरी गए गहने व नकदी की बरामदगी की मांग की। वहीं, पीड़ित परिवार ने भी मामले में कार्रवाई की उम्मीद जताई है।त्योहार के दौरान बंद घर में हुई इस चोरी ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस की जांच और चोरी में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अब लोगों की नजरें प्रशासन पर टिकी हैं।
