जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पारडीह चौक स्थित ‘मामा स्टोर’ नामक एक गल्ला (किराना) दुकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। शातिर चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान की एस्बेस्टस की छत को कटर से काटा और अंदर घुसकर लगभग ₹85,000 नकद और करीब ₹10,000 मूल्य के कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सुबह पेमेंट करने के लिए दुकान में ही छोड़े थे पैसे
दुकान के संचालक महेश सिंह ने बताया कि रोज की तरह वे बुधवार देर रात लगभग 11:00 बजे अपनी दुकान सुरक्षित बंद करके घर चले गए थे।गल्ला दुकान में प्रतिदिन की बिक्री अच्छी होने के कारण सुबह सवेरे आने वाले दूध, दही और अन्य कच्ची सामग्रियों के सप्लायर्स को तुरंत भुगतान (Payment) करना पड़ता है। इसी वजह से महेश सिंह ₹85,000 की नकदी दुकान में ही एक बैग में रखकर गए थे।
सुबह खुली दुकान, तो उड़े होश
गुरुवार सुबह करीब 6:00 बजे जब महेश सिंह ने अपनी दुकान खोली, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के सारे सामान अस्त-व्यस्त बिखरे पड़े थे। जब उन्होंने ऊपर देखा तो एस्बेस्टस की छत कटी हुई थी। चोरों ने छत के रास्ते दाखिल होकर काउंटर और बैग में रखे पूरे ₹85,000 और मूल्यवान सामानों पर हाथ साफ कर दिया था।
विकास सिंह पहुंचे पारडीह चौक, मानगो पुलिस से की कार्रवाई की मांग
घटना के तुरंत बाद पीड़ित व्यवसायी महेश सिंह ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विकास सिंह पारडीह चौक स्थित ‘मामा स्टोर’ पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मानगो थाना प्रभारी को पूरे मामले से अवगत कराते हुए चोरों की अविलंब गिरफ्तारी और नकदी बरामदगी की मांग की।
“नशा और डेली लॉटरी का होलसेल मंडी बना मानगो”— विकास सिंह का संगीन आरोप
व्यवसायियों से बातचीत के दौरान नेता विकास सिंह ने मानगो पुलिस की कार्यशैली और क्षेत्र की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर बेहद गंभीर और तीखे आरोप लगाए। विकास सिंह ने कहा, “आज पूरा मानगो क्षेत्र नशे की सामग्री (ब्राउन शुगर, गांजा) और अवैध डेली लॉटरी का होलसेल मंडी बन चुका है। मानगो का कोई ऐसा गली-मोहल्ला नहीं बचा है, जहां यह अवैध धंधा धड़ल्ले से न चल रहा हो। इसी नशे की लत को पूरा करने के लिए स्थानीय युवक चोरियों और छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब स्थानीय लोग या जागरूक नागरिक इस नशे के कारोबार का विरोध करते हैं, तो उन्हें दबंगों की धमकियों का सामना करना पड़ता है। जब इसकी शिकायत मानगो थाने में की जाती है, तो पुलिस और अपराधियों की कथित मिलीभगत के कारण जनता को सिर्फ निराशा हाथ लगती है।
विराम नहीं लगा तो जिला प्रशासन के खिलाफ निकलेगा ‘पैदल मार्च’
विकास सिंह ने मानगो पुलिस को दोटूक चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि क्षेत्र में बढ़ रही चोरियों, नशे के अवैध कारोबार और डेली लॉटरी के नेटवर्क पर तुरंत पूर्ण विराम नहीं लगाया गया, तो स्थानीय जनता चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि मानगो के निवासियों को जागरूक और भयमुक्त करने के लिए बहुत जल्द एक विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा, जिसके जरिए जिला पुलिस प्रशासन (एसएसपी) को आईना दिखाने का काम किया जाएगा।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, मानगो थाना पुलिस की टीम ने शिकायत मिलने के बाद पारडीह चौक पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस दुकान और उसके आस-पास के भवनों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि छत पर चढ़ने वाले संदिग्ध चोरों का सुराग लगाया जा सके।
